कट्टरवाद से दूर रहें बच्चे: डॉ. करन
सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्कूल की स्थापना के प्लैटिनम जुबली समारोह में शिरकत की
वाईपीएस स्टेडियम में सुरिंदर सिंह की याद में नालागढ़ स्कवैश कोर्ट का उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को शाही परिवार सेे संबंधित यादविंद्रा पब्लिक स्कूल की स्थापना के प्लैटिनम जुबली के मौके पर कराए सभ्याचारक समारोह में शिरकत की। इस मौके पर सीएम व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. करन सिंह ने वाईपीएस स्टेडियम में सुरिंदर सिंह की याद में नालागढ़ स्कवैश कोर्ट का उद्घाटन किया। उनके साथ पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर, स्कूल के बोर्ड आफ गर्वनर्स के चेयरमैन मालविंदर सिंह मौजूद रहे। डॉ. करन सिंह ने बच्चों को नए भारत के निर्माता बताते हुए ज्ञान के इस्तेमाल जरिये अपने तन-मन का निर्माण करने का आह्वान दिया, ताकि उनके सपनों वाला मुल्क सृजित किया जा सके। निरंतर वार्तालाप की महत्ता पर जोर देते हुए उन्होंने बच्चों को कहा कि कभी भी सवाल पूछने से झिजके नहीं और टीम वर्कर के जरिये अपने सामाजिक हुनर को निखारने की तरफ ध्यान दें। साथ ही उन्होंने पब्लिक स्कूलों में रैकिंग की समस्या पर कहा कि बच्चों के साथ उनके सीनियरों की ओर से ऐसा व्यवहार करना हमारी परंपरा का हिस्सा नहीं, बल्कि यह कायरता की निशानी है। उन्होंने स्टूडेंट्स को कट्टरवाद से दूर रखने के लिए चौकस किया। कहा कि जो भी धर्म कट्टरवाद का शिकार होता है, वह धर्म अंत में खत्म हो जाता है।
शिक्षा की महत्ता पर जोर दिया
मालविंदर सिंह ने स्टूडेंट्स को ऊंचे नैतिक मूल्य अपनाने का आह्वान किया। डॉ. करन सिंह ने बाल मनों को अज्ञानता, कट्टरवादी और अहंकार से दूर रखने के लिए शिक्षा की महत्ता पर जोर दिया। इस मौके पर कपूरथला रियासत के बिग्रेडियर सेवा मुक्त व महावीर चक्कर विजेता सुखजीत सिंह ने स्टूडेंट्स को सीखने की कला अपनाने की अपील की, ताकि वह सपनों व तय लक्ष्य मुताबिक प्राप्तियों पर पहुंच सकें। इससे पहले स्कूल के स्टूडेंट्स ने गिद्दा, भांगड़ा, शास्त्रीय संगीत, ग्रुप डांस समेत रंगारंग प्रोग्राम की पेशकारी की।