मोहल्ला राम नगर में एक नशेड़ी युवक द्वारा मोहल्ले की एक महिला से छेड़छाड़ व मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में घायल महिला को मोहल्लेवासियों ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। महिला तीन बच्चों की मां है। हालांकि शिकायत के बावजूद पुलिस ने इस मामले में फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया है।
अस्पताल में उपचाराधीन महिला ने बताया कि 13 अगस्त को उसकी करीब सात व पांच वर्षीय दोनों बेटियां सब्जी खरीदने के लिए मोहल्ले की एक दुकान पर गईं थीं। इस दौरान हैप्पी नामक युवक भी वहां आया। शराब के नशे में हैप्पी ने उसकी दोनों बच्चियों को धमकाना शुरू कर दिया। बेटियों से उसने कहा कि दोबारा वे वहां आईं, तो वह उन्हें उठा कर ले जाएगा। उसकी दोनों बेटियां घबराकर रोती हुई घर पहुंचीं।
साथ ही उन्होंने अपनी मां को आपबीती सुनाई। आरोप है कि महिला गुस्से में जब दुकान पर पहुंची तो आरोपी युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। साथ ही मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मोहल्लेवासियों ने घायल महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि पुलिस थाने में उनके द्वारा शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर, घटना के पांच दिन से भी अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से पीड़ित पक्ष के लोगों में पुलिस के प्रति रोष है।
पुलिस बना रही राजीनामे का दबाव
घायल विवाहिता ने बताया कि मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उस पर राजीनामे के लिए दबाव बना रही है। उसने कहा है कि इंसाफ नहीं मिला, तो वह आत्महत्या कर लेगी। उधर, थाना डिविजन नंबर दो के एसएचओ अश्विनी कुमार से मामले के संबंध में पूछने पर उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। कहा कि उनके द्वारा छापामारी की जा रही है। मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।