गांव सतकोहा से कुछ दूरी पर पठानकोट-अमृतसर जीटी रोड पर वीरवार सुबह एक कार और ट्रक की भिड़ंत में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य चार लोग बुरी तरह घायल हो गए।
घायल मृतकों के रिश्तेदार ही बताए जा रहे हैं। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस थाना सदर पुलिस ने बटाला में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक मौके से फरार है।
वीरवार को राकेश कुमार पुत्र अजीत राम वासी भदरोड़ जम्मू अपनी मां विजय कुमारी और अन्य रिश्तेदार ममता, रजनी, मधु, दीपक मारुति कार से श्री हरगोबिंदपुर के गांव बरियार आ रहे थे। गांव बरियार में राकेश कुमार की बहन रेखा पत्नी नरिंदर सिंह रहती है।
जब उक्त छह लोग गांव सतकोहा से कुछ दूरी पर पहुंचे तो कार के आगे जा रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी बीच कार चालक अपना संतुलन खो बैठा और कार सीधा ट्रक में जा लगी। टक्कर में कार चालक राकेश कुमार और उनकी मां विजय कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में बैठे अन्य लोग ममता, रजनी, मधु और दीपक घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस थाना सदर बटाला के एसएचओ कमलमीत सिंह ने बताया कि बटाला पुलिस ने मृतक के पिता अजीत राम के बयान पर ट्रक चालक जसकरण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।