कैंट रेलवे स्टेशन में 10 मई को पकड़े गए आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के सदस्य रवीश उल इस्लाम को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कड़ी सुरक्षा में यहां पहुंचे रवीश इस्लाम को कोर्ट ने दो जुलाई तक के लिए ज्यूडिशियल रिमंाड पर भेज दिया।
सोमवार से पूर्व पुलिस ने रवीश को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान उसने आंतकी गतिविधियों के संबंध में कई अहम सूचनाएं दी हैं। एसएचओ राम किशन ने बताया कि 10 मई को पठानकोट कैंट स्टेशन पर जम्मू-कश्मीर के जिला पुलवामा निवासी रवीश इस्लाम को गिरफ्तार किया गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार व कारतूस बरामद हुए थे।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान काफी अहम खुलासे किए। रवीश ने कबूल किया है कि उसके आतंकी गुट हिजबुल मुजाहिद्दीन के साथ संबंध हैं। इसी के चलते वह हथियारों की सप्लाई करता है। आतंकी रवीश ने बताया कि उसके मामा के बेटे ने उसे जबरन इस काम में धकेला है। यदि वह यह कार्य नहीं करता तो उसके परिजनों को मार दिया जाता।