चुनाव में लोकसभा क्षेत्र गुरदासपुर से कांग्रेस उम्मीदवार व पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा की हार के बाद अब कांग्रेस में खलबली का आलम है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।
उन्होंने खुद हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वेच्छा से ऐसा कदम उठाने की बात कही है। रंधावा ने बताया कि उन्होंने अपना त्यागपत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दिया है। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर के छह विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा ।
इसकी उन्होंने खुद जिम्मेदारी ली है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पद से नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दिया है। हालांकि रंधावा ने यह भी कहा कि आगे भी पार्टी से जुड़कर वे सच्चे कांग्र्रेसी सिपाही के रूप में काम करते रहेंगे।
काबिलेगौर है कि सुखजिंदर सिंह रंधावा के गृह क्षेत्र डेरा बाबा नानक विधान हल्के में भी कांग्रेस के उम्मीदवार प्रताप सिंह बाजवा को भाजपा उम्मीदवार विनोद खन्ना के मुकाबले कम मत मिले।
चुनाव में पार्टी की हार के बाद से ही तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी बीच रंधावा के इस्तीफे से माना जा रहा है कि पार्टी के नेता इस हार से बेहद निराश हैं।