तारागढ़ निवासी एक नवविवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज में कार की मांग पूरी न करने पर उसकी पिटाई करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि शादी के महज दो माह बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। पुलिस को दिए बयान में विवाहिता ने कहा है कि पति, सास, ननद व चाचा ससुर ने उसके साथ मारपीट की।
मामले से संबंधित विवाहिता अनिता देवी बुधवार को अपनी मां कृष्णा देवी व मामा महिंद्र पाल के साथ एसएसपी कार्यालय में इंसाफ के लिए पहुंची। इस अवसर पर शिव सेवक वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन सतीश महाजन भी उनके साथ थे।
उन्होंने आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। एसपी नरिंद्र बेदी को जानकारी देते हुए अनीता देवी ने बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2012 में बारठ साहिब निवासी सुरिंद्र कुमार के साथ हुई थी, लेकिन शादी के दो माह बाद ही उसके पति सुरिंद्र कुमार, सास चंपा देवी व ननद मधु बाला ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। उनके मायके वालों की आर्थिक स्थिति खराब है।
इसके चलते वह ससुराल पक्ष की मांग पूरी नहीं कर सकते। उधर, एसपी नरिंद्र बेदी ने मामले की जांच डीएसपी पीएस विर्क को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि यदि नवविवाहिता की ओर से लगाए गए आरोप सही साबित होते है, तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।