प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लोगों से आह्वान किया कि वे केंद्र में एनडीए की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि भारत को दोबारा सोने की चिड़िया बनाने के लिए नरेंद्र मोदी जैसे पीएम की जरूरत है। बादल बुधवार को दीनानगर में संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान पनियाड़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने दीनानगर की 252 पंचायतों को गांवों के विकास के लिए तीन करोड़ 81 लाख के चेक वितरित किए। सभा के दौरान उन्होंने कहा कि मोदी पहले ही अपनी दूरदर्शिता से गुजरात को देश का अग्रणी राज्य बनाकर लोहा मनवा चुके हैं। बादल ने लोगों से कहा कि देश की गुम हो चुकी शान को दोबारा बनाने के लिए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए वोट डालें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार साफ नजर आ रही है इसलिए राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया जा रहा है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी की हार के साथ कांग्रेस के बड़े नेता भी मोदी नाम की सुनामी के आगे नहीं टिक सकेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह लोक सभा चुनाव ही नहीं लड़ेंगे।
किसानों की स्थिति पर जताई चिंता
विधानसभा हलके के कुछ क्षेत्रों में सेम के कारण किसानों की जो दयनीय हालत है उसपर चिंता जताते हुए सीएम ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए सरकार की ओर से उच्च अधिकारियों की टीम भेजी जाएगी।
उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनके कठिन समय में हर तरह की सहायता करेगी। सीएम ने कहा कि गांवों व शहरों में गंदे पानी के निकास के लिए एक माह के भीतर प्रदेश सरकार मास्टर प्लान तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि अकाली भाजपा गठबंधन आगामी लोक सभा चुनाव के लिए अधिकतर सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुका है। बकाया उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी। राज्य में नरेंद्र मोदी की रैली पर उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री चुनाव से पूर्व अन्य रैलियों को भी राज्य में संबोधित करेंगे।
सोनिया का इलाज कराएगी प्रदेश सरकार
कार्यक्रम के दौरान गुरदासपुर की तेजाब पीड़िता सोनिया को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आश्वासन दिया कि उनके उपचार का सारा खर्च प्रदेश सरकार उठाएगी। उन्होंने पीड़िता को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की और सिविल सर्जन गुरदासपुर को निर्देश दिए कि वह प्रभावित महिला का पीजीआई से उपचार करवाने के लिए प्रबंध करेंगे। उन्होंने कहा कि महिला को सरकार की ओर से यथासंभव सहायता दी जाएगी।
तेजाब पड़ने से महिला की दोनों आंखों की रोशनी जा चुकी है और चेहरा भी खराब हो चुका है। संगत दर्शन कार्यक्रम में प्रिंसिपल सचिव केजेएस चीमा, जिलाधीश डा. अभिनव त्रिखा, एसएसपी सुखवंत सिंह गिल, एसपी जगजीत सिंह सरोआ, एसडीएमटीपीएस संधु, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक वैद्य, परमवीर सिंह लाडी, नरिन्द्र सिंह बाड़ा, मनजीत सिंह डाला वरिष्ठ अकाली नेता मौजूद थे।