गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा से छेड़छाड़ और बेअदबी करने पर पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी अमृतसर के रहने वाले हैं और पठानकोट में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
उधर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे इनोवा कार गांधी चौक पर आकर रुकी। उसमें सवार युवकों ने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने ट्रैफिक कोन को उठाकर चौक पर लगी गांधी जी के प्रतिमा पर रख दिया और बारी-बारी से उसपर निशाना लगाने लगे।
इस दौरान सब्जी मंडी जाने के लिए घर से निकले चार मरला क्वार्टर निवासी रमेश कुमार ने युवकों को महात्मा गांधी जी की प्रतिमा से बेअदबी करते देख तुरंत थाना डिवीजन नं.1 की पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांच युवकों को इनोवा समेत काबू कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी युवक पठानकोट के डिफेंस रोड पर एक शादी समारोह में शरीक होने आए थे और वहां से अमृतसर लौट रहे थे। थाना डिवीजन नं. 1 की पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी हरप्रीत सिंह कंवल, पवन शर्मा, रोबिन शर्मा, रछपाल और हरजिंद्र सिंह के रूप में हुई है।
एसएसपी राकेश कौशल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उधर, कांग्रेस ने घटना की निंदा की है। जिला अध्यक्ष अनिल विज की अगुवाई में कांग्रेसियों ने बुधवार दोपहर गांधी जी की प्रतिमा की गंगा जल से सफाई की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता का अपमान किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।