एक महिला ने अपने ही जिगर के टुकड़े को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस का कहना है कि 14 वर्षीय किशोर ने अपनी मां के अवैध संबधों का विरोध किया गया था। इसके कारण महिला ने उसे रास्ते से हटा दिया।
थाना बहरामपुर क्षेत्र के गांव मुन्नावाली के बलविंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह जो मृतक के ताऊ हैं ने एक फरवरी को अपने भतीजे हरप्रीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी मुन्नावाली की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
उन्होंने बताया कि 14 वर्षीय हरप्रीत 31 जनवरी की शाम पांच बजे खेतों से चारा लेने गया था। बलविंदर सिंह ने संदेह जताया था कि हरप्रीत की गुमशुदगी में उसकी मां तजिंदर कौर उर्फ भोली का हाथ है।
उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके भाई की मौत के बाद से पनियाड़ निवासी लखविंदर सिंह उर्फ लक्की के साथ तजिंदर कौर के संबंध थे।
लखविंदर उनके घर आता रहता था। 31 जनवरी को भी उन्होंने लखविंदर और तजिंदर कौर को खेतों की तरफ जाते हुए देखा था।
शिकायत पर थाना बहरामपुर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर एसएसपी गुरदासपुर सुखवंत सिंह गिल को मामले से अवगत कराया था।
एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी (डी) जगजीत सिंह सरोआ के दिशा निर्देशों पर डीएसपी कमल सिंह, थाना बहरामपुर के प्रभारी रविंदर सिंह और थाना दीनानगर के प्रभारी राज कुमार की टीम बनाकर मामले की गहन जांच के आदेश दिए थे।
एसएसपी गिल ने बताया कि उन्होंने सब घरवालों की कॉल डिटेल निकलवाई। तजिंदर कौर सबसे ज्यादा फोन लखविंदर को ही करती थी और 31 जनवरी को भी उनके बीच बातचीत हुई थी।
दोनों के खिलाफ सुबूत इकट्ठा कर जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो लखविंदर पाल ने बताया कि उसके तेजिंदर कौर के साथ डेढ़ साल से संबंध हैं।
एक दिन हरप्रीत ने दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। तजिंदर कौर ने बताया कि हरप्रीत उसे संबंध खत्म करने के लिए कह रहा था।
इसपर दोनों ने मिलकर हरप्रीत की हत्या की साजिश रच डाली। तजिंदर कौर ने 31 जनवरी को हरप्रीत को नींद की गोली खिला दी।
एक गोली हरप्रीत को खिला दी और डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने उसे अपने साथ ले गई। रास्ते में एक गन्ने के जूस की दुकान पर तेजिंदर कौर ने गन्ने का जूस में नींद की सारी गोलियां पीसकर मिलाई और हरप्रीत को पिला दीं।
इससे हरप्रीत पूरी तरह बेहोश हो गया। योजना के अनुसार लखविंदर मोटरसाइकिल लेकर वहां आ गया और दोनों हरप्रीत को बेहोशी की हालत में यूबीडीसी की धमराई नहर पर ले गए।
वहां झाड़ियों में हरप्रीत को फेंककर तजिंदर कौर ने घर से लाए चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया। उसके बाद लखविंदर ने उसकी छाती पर चाकू से वार किया।
उसके बाद दोनों ने उसे नहर में फेंक दिया। एसएसपी ने बताया कि उन्हें हरप्रीत का शव सोमवार रात पानी में तैरता हुआ मिला। एसएसपी ने बताया कि थाना बहरामपुर में मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।