खेतीबाड़ी विभाग में फर्जी नियुक्ति के नाम पर ठगी के मामले का खुलासा हुआ है। कृषि विकास अधिकारी गुरदासपुर डा.अमरीक सिंह की ओर से किए गए इस खुलासे के बाद कई नौजवानों को ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया। मामले में लुधियाना से संचालित एक कंपनी के संचालक को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस ने कंपनी का दफ्तर भी सील कर दिया है।
आरोप है कि कंपनी की ओर से समाचार पत्रों में फर्जी नियुक्ति से संबंधित विज्ञापन प्रकाशित कराकर बोरोजगारों से आवेदन मांगा गया था। बताया जाता है कि गत रविवार को कुछ समाचार पत्रों में खेतीबाड़ी मुख्य कार्यालय लुधियाना के नाम पर खेतीबाड़ी विभाग में विभिन्न पदों पर 461 नियुक्तियाें से संबंधित विज्ञापन प्रकाशित कराया गया था। मामले में अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए थे।
जब यह विज्ञापन गुरदासपुर के खेतीबाड़ी विकास अधिकारी डा.अमरीक सिंह के संज्ञान में आया तो उन्हाेंने सर्वप्रथम मामले की खुद जांच की। साथ ही इस फर्जीवाड़े से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर हरकत में आए विभाग के उच्चाधिकारियों ने पुलिस से इसी शिकायत की।
विज्ञापन में अभ्यर्थियों से अपना बैंक खाता देकर प्रार्थना पत्र के साथ सामान्य वर्ग के लिए 450 रुपये तथा आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों से 375 रुपये जमा करने की बात कही गई थी। उधर, लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर रजत अग्रवाल और मुख्य खेतीबाड़ी अफसर बक्शीश सिंह चाहल ने कहा कि थाना लाडोवाल की पुलिस ने मामला दर्ज कर कंपनी संचालक निर्मल सिंह सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।