अपने मालिक के घर आग लगने की घटना के बाद चोरी के आरोपों से घिरी युवती
की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी हालत तब बिगड़ी जब
वह अपने मालिक के घर मौजूद थी। पुलिस को शक है कि मामले से संबंधित युवती
की मौत किसी जहरीले पदार्थ के निगलने के कारण हुई है। हालांकि पुलिस मौत की
असल वजह हत्या या आत्महत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए जांच में जुटी
है।
थाना सिटी क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी करीब 17 वर्षीय
सपना पुत्री सोमराज गीताभवन रोड़ निवासी पवन कुमार के घर साफ सफाई का काम
करती थी। सपना के पिता सोम राज ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रोज की
भांति सुबह नौ बजे घर से साफ-सफाई का काम करने लिए पवन कुमार के घर गई थी।
कुछ देर बाद उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगल
लिया है।
जब तक वे सिविल अस्पताल पहुंचते उसकी बेटी की मौत हो चुकी थी।
उधर, डीएसपी (सिटी) गुरबिंदर सिंह सांघा ने बताया कि पवन कुमार के घर पिछले
रविवार को आग लगने की घटना हुई थी। तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी कि
उनकी नौकरानी सपना ने घर में पड़े करीब एक लाख 75 हजार रुपयों को चुरा लिए
हैं। आरोप लगनेे बाद सपना ने पवन के घर जाना बंद कर दिया था।
लेकिन शनिवार
सुबह करीब नौ बजे वह एक बार फिर पवन कुमार के घर जा पहुंची। वहीं दिन में
करीब 12 बजे उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर तत्काल उसे सिविल अस्पताल में भर्ती
कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डीएसपी संाघा ने बताया कि
मामले में धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौत की असल वजह क्या है
यह जानने के लिए जांच चल रही है। इसके लिए अब उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट
का इंतजार है।