वीरवार दोपहर हथियार दिखाकर लुटेरों ने एक युवक से 20 हजार रुपये छीन लिए। लूट की वारदात बैंक के बाहर हुई। पीड़ित के शोर मचाने पर बैंक से करीब 150 फुट दूर एक्टिवा सवार लुटेरे युवक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
निर्मल सिंह वासी चौधरीवाल पेंशनर हैं। वीरवार को वह बटाला स्थित शास्त्री नगर के पास स्टेट बैंक ऑफ पटियाला से पैसे निकलवाने आए हुए थे।
निर्मल सिंह बैंक से 20 हजार रुपये निकलवाकर बाहर आए। इसी दौरान एक युवक एक्टिवा पर आया और निर्मल सिंह की गर्दन में पीछे से हथियार जैसी चीज लगा दी।
उसने पैसे छीन लिए और भागने लगा। निर्मल सिंह के शोर मचाने पर लोगों ने उसे बैंक से कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया।
बस स्टैंड पुलिस चौकी के इंचार्ज बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी युवक की पहचान हेम राज वासी कलानौर के रूप में हुई है। आरोपी पुलिस हिरासत में है।