कॉलेज रोड स्थित शिव पैलेस में चल रहा शादी में बारातियों और डीजे वालों में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि डीजे वालों ने अपने साथियों को वहां बुलाकर बारातियों पर दातर, किरपाण और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में तीन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान राजदीप, कमल वर्मा व अशोक कुमार निवासी जालंधर के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर 2 में मामला दर्ज कर लिया गया हे।
दूल्हे की मां सीता निवासी गांव लम्मां (जालंधर) ने बताया कि उनके बेटे सचिन की शादी मंगलवार को पठानकोट में थी। मामूली बात पर डीजे वालों और बारातियों में झगड़ा हो गया।
इस पर डीजे वालों ने अपने साथियों को वहां फोन करके बुला लिया। कुछ मिनट में करीब आठ नकाबपोश युवक वहां हथियार लेकर पहुंच गए और बारातियों पर हमला कर दिया।
सीता वर्मा ने बताया कि हमलावर पिस्टल भी लेकर आए थे। उन्होंने हवा में फायर भी किए। इसके बाद वह भाग गए। पुलिस की मौजूदगी में लड़का-लड़की की शादी करवाई गई।
वहीं पैलेस के मालिक धर्मपाल सैनी का कहना है कि बारातियों ने नशे में धुत होकर झगड़ा किया है। एसएचओ भारत भूषण ने बताया कि डीजे वाले सभी युवक मौके से फरार हैं। मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।