पुलिस थाना रंगड नंगल के आधीन पड़ते गांव जादपुर सेखवां में एक नेत्रहीन तांत्रिक का अज्ञात लोगों ने कत्ल कर दिया। कत्ल के बारे में शनिवार को सुबह पता चला जब तांत्रिक अपने कमरे से बाहर नही निकला। नग्न अवस्था में तांत्रिक का शव लहू से लथपथ बेड पर पडा था।
सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने स्थितियों का जायजा लिया। पुलिस ने कत्ल का मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वाएड ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल कत्ल के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मृतक तांत्रिक कंवर शमशेर सिंह की पत्नी कुलविंदर कौर ने बताया कि उसके पति की देखने की क्षमता आतंकवादिओं की ओर से आंखों में तेजाब डालने से खत्म हो गई थी। उसने बताया कि पति कंवर शमशेर सिंह का मूल गांव सैंसरा कलां (अजनाला) है।
अपने माता पिता के निधन के बाद वह करीब पिछले 15 सालों से अपने ननिहाल गांव जादपुर सेखवां में अपना घर बना कर रहने लगा। इसी दौरान उसकी शादी कंवर शमशेर सिंह से हो गई। इसकी 8 वर्षीय बेटी प्रदीप कौर व 5 वर्षीय बेटा कंवल प्रदीप सिंह हैं।
पत्नी कुलविंदर कौर ने बताया कि उसका पति तांत्रिक था। रोजाना पति के पास अपनी मुश्किलों के हल के लिए लोग आते थे। तांत्रिक विधियों के मुताबिक वह रोजाना रात 9 बजे शराब पीना शुरू कर देता था और तांत्रिक विधिओं के चलते 9 बजे के बाद पूरी तरह से वस्त्रहीन रहता था।
इस दौरान वह घर की छत पर बने कमरे में अकेला ही रहता था और रात को उसके कमरे में जाने की किसी को भी इजाजत नहीं थी। पत्नी ने बताया शुक्रवार शाम करीब 6 बजे तीन बाइक सवार अज्ञात युवक पति से मिलने के लिए आए और कुछ देर बाद वापस चले गए।
वहीं तीनों युवक दोबारा रात 8 बजे आए। पति उन्हें छत पर बने अपने कमरे में ले गया। वह तीनों युवक रात करीब 9 बजे तक वहीं बैठे रहे। इसके बाद चले गए। उनके जाने के बाद उसने घर का गेट बंद कर लिया। रात में ऊपर वाले कमरे में जाने की मनाही होने के कारण वह नहीं गई और न ही पति खाना खाने के लिए नीचे उतरा।
शनिवार की सुबह करीब सात बजे वह चाय देने के लिए कमरे में पहुंची। वहां पति शमशेर सिंह खून से लथपथ शव पड़ा था। पुलिस थाना रंगड नंगल के एसएचओ वेद प्रकाश ने बताया कि मृतक तांत्रिक का तेजधार हथियारों से कत्ल किया गया है। तांत्रिक के भाई रंजीत के बयानों पर अज्ञात लोगों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाएड की मदद ली जा रही है।