रायकोट के पास लुधियाना बठिंडा राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर दूर तक घिसटते गए, जबकि कार खेतों में जाकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मोहल्ला मौलविया निवासी बलविंदर सिंह और उसके बेटे लवप्रीत सिंह के रुप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद वरना कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार बलविंदर सिंह और उसका बेटा लवप्रीत सिंह शनिवार सुबह अपनी बाइक से दुकान पर जा रहे थे। जब वह गांव नूरपुरा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वरना कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। कार भी बेकाबू होकर खेतों में जाकर पलट गई।
हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने पिता पुत्र को उठाना चाहा, लेकिन तब तक बलविंदर सिंह की मौत हो चुकी थी। लवप्रीत सिंह को लोगों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।