गांव बहादुर हुसैन कलां स्थित बाजवा पेट्रोल पंप पर बुधवार रात छह अज्ञात लुटेरों ने हथियार दिखाकर गल्ले से नगदी निकाल ली और फरार हो गए। पुलिस थाना रंगड़ नंगल ने अज्ञात छह लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में रिंकू मसीह पुत्र इंद्रजीत मसीह वासी पीरोवाली जो फिलिंग स्टेशन पर काम करता है ने बताया कि बुधवार देर रात फिलिंग स्टेशन खुला था। वह वाहनों में तेल डालने का काम कर रहे थे।
उनके साथ सोमपाल वासी लुधड़ भी काम कर रहा था। दोनों जब काम में व्यस्त थे तो पंजगराइयां से एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आई। इसमें छह अज्ञात युवक सवार थे। सभी फिलिंग स्टेशन पर उतरे। उनमें से एक के पास पिस्तौल और दातर थे। सभी ने मंकी कैप पहनी हुई थी।
उक्त युवकों ने पहले तो फिलिंग स्टेशन के कार्यालय का शीश तोड़ा और गल्ले से 1864 रुपये निकाल लिए। इसके बाद मालिक के गल्ले से 18136 रुपये निकालकर भाग निकले। जाते वक्त कारिंदे सोमपाल का मोबाइल भी छीन ले गए। रंगड़ नंगल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।