जिले में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस अभी लक्ष्मी गार्डन कालोनी में हुई चोरी के आरोपियों को तलाश नहीं पाई है और अब शनिवार रात ढांगू रोड स्थित गिल एवेन्यू में चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। चोर कोठी का ताला तोड़कर 35 तोले सोने के गहने, चार तोले चांदी और नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ममून कैंट में फैंसी लाइट का कारोबार करने वाले दिल्ली निवासी रविंद्र कुमार गिल एवेन्यू में किराए की कोठी में रहते हैं। शनिवार को उनके भतीजे का जन्मदिन था इसलिए वह परिवार समेत विक्टोरिया इस्टेट में उनके घर पर गए थे।
देर रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। रविंद्र कुमार ने बताया कि चोर अलमारी का ताला तोड़कर चेन, अंगूठी, नेकलेस समेत 35 तोले सोने के गहने, तीन तोले चांदी के गहने और आठ हजार की नकदी ले गए हैं।
जानकारी मिलने पर थाना डिवीजन नं.2 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे हैं। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरों को पकड़ने के लिए संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।