पंजाब के मोहाली में इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक में 48 घंटों में दस मंजिला बिल्डिंग बनाने वाली कंपनी सिनर्जी ने अब एक और कारनामे को अंजाम दिया है।
इस बार कंपनी ने हरियाणा में सिर्फ सौ दिनों में पूरी यूनिवर्सिटी तैयार की है।
सौ दिनों के अंदर एक लाख वर्ग फीट एरिया तैयार किया गया है। जिसे परंपरागत तरीके से बनाने में डेढ़ से दो साल लग जाते।
सिनर्जी के सीईओ यशजीत गुप्ता ने बताया कि चेन्नई के एसआरएम एजुकेशन ग्रुप ने कंपनी को सोनीपत में एसआरएम यूनिवर्सिटी तैयार करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था।
जिसकी शर्त थी कि यह काम सिर्फ सौ दिनों में पूरा होना है। कंपनी ने सिर्फ सौ दिनों में पूरी यूनिवर्सिटी तैयार की गई।
इस एक मंजिला इमारत में लैब, ऑडिटोरियम, कांफ्रेंस रूम, रिसेप्शन एरिया आदि सब कुछ है।
इसमें प्री-फैब टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया, सब कुछ फैक्टरी में पहले तैयार किया गया, फिर वहां इंस्टाल किया गया।
सौ दिनों के अंदर सिविल वर्क, बिल्डिंग के अंदर इलेक्ट्रिसिटी, एसी एवं सैनिटेशन का काम पूरा किया गया। यह बिल्डिंग इंसुलेटेड है, इसलिए इसमें एसी की खपत काफी कम होगी।
यह प्री-पेंटेड है, इसलिए कई सालों तक इसका पेंट खराब नहीं होगा। सारे हिस्से फैक्टरी में तैयार किए गए हैं। इसलिए बिल्डिंग के सारे हिस्सों की फिनिशिंग एक जैसी है।
गुप्ता ने कहा कि परंपरागत तकनीक से इतनी जल्दी निर्माण संभव नहीं था। इतने कम समय में निर्माण के बाद अब यूनिवर्सिटी में इसी साल से सेशन शुरू हो सकेगा।