राजपुरा-जीरकपुर रोड स्थित ज्ञान सागर अस्पताल के सीओ सुलिंदर चौधरी की ज्यादतियों के खिलाफ अस्पताल की स्टाफ नर्सों, विद्यार्थियों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान तेज धूप के कारण कुछ नर्सें भी बेहोश हो गई। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. बलजिंदर सिंह के प्रदर्शनकारियों की मांगें मानने के बाद करीब सात घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस मौके पर राजपुरा से चंडीगढ़ आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चेयरमैन डॉ. बलजिंदर सिंह ने बताया कि नर्सों और विद्यार्थियों की जायज मांगें मान ली गई हैं।
ज्ञान सागर अस्पताल के बाहर धरने पर बैठी नर्सों और विद्यार्थियों ने बताया कि सीओ सुलिंदर चौधरी गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं और सभी स्टाफ नर्सों व विद्यार्थियों को परेशान करते हैं। उन्होंने स्टाफ ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक को शाम 5 बजे तक कर दिया है। मकान का किराया भी बढ़ा दिया है।
चेयरमैन डॉ. बलजिंदर सिंह ने बताया कि नर्सों और विद्यार्थियों की जायज मांगें मान ली गई हैं। इसके अलावा सीओ की पोस्ट भी समाप्त कर दी गई है। नर्सों को सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक ही ड्यूटी करने के आदेश दिए गए हैं।