पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से नंगल झील (शिवालिक पार्क झील) पर 10 करोड़ रुपये से उत्तरी भारत का पहला ग्लास ब्रिज बनाया जाएगा। इसे छह माह के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह घोषणा मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नंगल दौरे के दौरान की।
23 करोड़ की लागत से कैप्टन अमोल कालिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की नींव रखी गई। 540 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण मिलेगा। रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन टेक्नोलॉजी, सोलर टेक्नीशियन और 3डी प्रिंटिंग कोर्स पढ़ाए जाएंगे। सिविल एविएशन, एयर होस्टेस प्रशिक्षण और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे कई नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।
नंगल समेत 11 सरकारी आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपग्रेड किया गया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नंगल के शिवालिक पार्क में झील पर 10 करोड़ रुपये से ग्लास ब्रिज बनाया जाएगा । नंगल के स्कूल ऑफ एमिनेंस में 10 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम बनेगा। चार प्रयोगशालाओं और 12 क्लासरूम वाला एक चार मंजिला अकादमिक ब्लॉक 8 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए आप के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठन सिर्फ सरकारें बदलने के लिए नहीं, बल्कि सिस्टम बदलने के लिए किया गया था। जिस कारण पंजाब शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में तेजी से तरक्की कर रहा है। इस विकास से घबराए विपक्षी दलों ने हमें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की, लेकिन अदालत से बरी होकर हमने अपनी ईमानदारी साबित कर दी। अगर कांग्रेस, अकाली या भाजपा सत्ता में वापस आए तो वे इन जनकल्याण योजनाओं को खत्म कर देंगे।