बठिंडा के तलवंडी साबो में व्यापारियों से रंगदारी वसूलने के खेल में सूत्रों ने नया खुलासा किया है जो गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं बताया। सूत्रों के अनुसार रंगदारी वसूल करने के मामले में नामजद आरोपी रिंपी तलवंडी में गैस एजेंसी चलाता था।
इसी दौरान गैंगस्टर मन्ना ने अपने गुर्गों के जरिए रिंपी से लाखों रुपये रंगदारी में मांगे। जब रिंपी ने मना किया तो मन्ना ने उसकी एजेंसी पर तोड़फोड़ करवा दी थी। इसके बाद डरे रिंपी ने मन्ना के कहने पर उसके गुर्गों को दो लाख रुपये, 200 बोरी सीमेंट और एक ट्रक रेत दिया था।
इसके बाद रिंपी की मन्ना के साथ दोस्ती हो गई और रिंपी खुद मन्ना के लिए तलवंडी के व्यापारियों से रंगदारी वसूलने का काम करने लगा। सूत्रों ने बताया आरोपी रिंपी धीरे धीरे मन्ना के साथियों के साथ जुड़ता गया और उनके साथ मिलकर रंगदारी वसूलने लगा। रिंपी और सतिंदर नामक व्यक्ति मन्ना के लिए अब तक 30 लाख से ज्यादा की रंगदारी वसूल चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में पंजाब पुलिस के एक पूर्व डीएसपी का बेटा भी जुड़ा हुआ है। पुलिस रिंपी और पूर्व डीएसपी के बेटे को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है। अगर दोनों आरोपी पकड़े गए तो उनसे भी लाखों रुपये रंगदारी के बरामद हो सकते हैं। इस मामले में गुरुवार को पकड़े गए सभी आरोपी चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी बड़ा खुलासा कर सकते हैं।