थाना सिटी कपूरथला में दर्ज एफआईआर में कपूरथला निवासी महिला ने आरोप लगाए हैं कि प्रोफिट बजिंदर सिंह के जालंधर के गांव ताजपुर स्थित द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विस्डम नाम से मसीही सत्संग में उसके माता-पिता ने अक्तूबर 2017 में इसकी चर्च में जाना शुरू किया था। उस समय में वह 17 साल की थी। जहां पर उसने पीड़िता का मोबाइल नंबर ले लिया और फोन पर उल्टी सीधी बातें करने लगा और मैसेज भी करने लगा। इसके ऐसे मैसेज से वह डरने लगी। वह इन हरकतों को अपने माता-पिता को बताने से भी डरने लगी थी, लेकिन उसका मोबाइल पर गलत बातें करने का सिलसिला जारी रहा।
जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में पास्टर बजिंदर सिंह ने उसे हर रविवार को चर्च में कैबिन में अकेले बिठाना शुरू कर दिया। जब-जब वह कैबिन में अकेली होती थी, तो यह कैबिन में आकर उसे गलत तरीके से छूता था। जिससे वह बुरी तरह से डरी हुई है। महिला ने आरोप लगाया कि पादरी ने किसी से शिकायत करने पर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी। पास्टर की इन हरकतों से वह डिप्रेशन में चली गई और उसे पैनिक अटैक पड़ने लगा, जिसका काफी लंबा उसने इलाज करवाया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी।
तीन अधिकारियों की एसआईटी कर रही जांच
वहीं मामले के तूल पकड़ते देख पुलिस ने एसपी-फगवाड़ा रूपिंदर कौर भट्टी की देखरेख में डीएसपी कपूरथला दीपकरण सिंह और थाना सिटी के एसएचओ बिक्रमजीत सिंह पर आधारित तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी। उधर, जालंधर में पास्टर ने मीडिया के सामने आकर खुद पर लगे आरोपों को झूठा करार दिया था।
12 मार्च को पंजाब बंद की कॉल
वहीं, क्रिश्चियन भाईचारे ने इस मामले में 12 मार्च को पंजाब बंद की कॉल दे रखी है। गौर हो कि पास्टर बजिंदर सिंह के कार्यक्रमों में बॉलीवुड नामचीन एक्टर-एक्ट्रेस आते रहे हैं। एसआईटी प्रमुख एसपी-फगवाड़ा रूपिंदर कौर भट्टी ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का नोटिस मिला है। इस मामले में पुलिस फास्ट ट्रैक आधार पर इनवेस्टीगेशन कर रही है। पीड़ित महिला से तमाम सुबूत के दस्तावेज लिए जा रहे हैं। पास्टर की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। वह जल्द जांच रिपोर्ट तैयार करके उच्चाधिकारियों को सौपेंगी।