पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी केशव के मोटरसाइकिल को पुलिस ने डबवाली से बरामद किया है। आरोपी जिस दुकानदार के पास मोटरसाइकिल खड़ा करके गया था पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूत्रों ने बताया कि केशव बठिंडा से किसी अपने साथी का मोटरसाइकिल मांग कर ले गया था और 29 मई को मोटरसाइकिल पर पहले डबवाली पहुंचा था, जहां पर उसने अपने किसी जान पहचान वाले दुकानदार के पास मोटरसाइकिल खड़ा किया और खुद दूसरे साथियों के साथ निकल गया था। पुलिस बाइक के असली मालिक का पता लगाने में जुट गई है।
फरार है केशव
सूत्रों ने बताया कि सिद्धू की हत्या के बाद केशव बाकी आरोपियों के साथ ही फरार हो गया था लेकिन गुरुवार को पुलिस को पता चला कि केशव बठिंडा से किसी का मोटरसाइकिल लेकर डबवाली पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने बीते कल केशव के मोटरसाइकिल को एक दुकान से बरामद कर लिया। पुलिस ने मोटरसाइकिल बरामद करने के बाद दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दुकानदार को किस जिले की पुलिस ने हिरासत में लिया है।
बताते चलें कि सिद्धू की हत्या के बाद पंजाब की आप सरकार काफी दबाव में है और मुख्यमंत्री मान ने डीजीपी पंजाब को दो टूक में आदेश दिए है कि उक्त हत्याकांड के आरोपियों को जल्दी से जल्दी पकड़ा जाए, जिसके चलते पूरे पंजाब को पुलिस फोर्स और सीआईए से जुड़े अधिकारी हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए अपने-अपने सूत्रों का इस्तेमाल कर रहे हैं हालांकि इस मामले में पुलिस ने केकड़ा नामक आरोपी को पकड़ा है, जिसने अपने दोस्त निक्कू के साथ मिलकर सिद्धू मूसेवाला की रेकी की थी।