मोहाली-जीरकपुर। जीरकपुर में मास्क फैक्टरी के जनरेटर के शोर का विरोध करने पर फायरिंग के आरोप से जुड़े मामले में मोहाली की अतिरिक्त सत्र अदालत ने आरोपी को बरी कर दिया है। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा। शिकायतकर्ता और कई चश्मदीद गवाह अपने बयानों से मुकर गए थे। यह घटना 12 मार्च 2020 को जीरकपुर में हुई थी। मोहल्ले के लोग मास्क बनाने वाली फैक्टरी में चलने वाले बड़े जनरेटर के शोर से परेशान थे। आरोप था कि विरोध जताने पर फैक्टरी संचालक और मकान मालिक ने उन्हें धमकाया।
इसके बाद आरोपी बिक्रम उर्फ तेजिंदर सिंह अपने साथियों के साथ कार में वहां पहुंचा। आरोप था कि उसके साथियों ने डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। महिलाओं से भी बदसलूकी की गई। फिर आरोपी ने पिस्टल निकालकर शिकायतकर्ता पर फायरिंग की। शिकायतकर्ता ने भागकर अपनी जान बचाई। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता बलजीत सिंह सहित कई चश्मदीद गवाह अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं कर सके। अदालत ने उन्हें पक्षद्रोही घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने घटनास्थल और फैक्टरी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में नहीं ली थी। एफएसएल रिपोर्ट में भी बरामद गोली के टुकड़े के आरोपी की पिस्टल से चलने की पुष्टि नहीं हुई। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने आरोपी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।