बलटाना में मंगलवार सुबह एक ऑटो की टक्कर से रेलवे फाटक का पोल टूट गया। इस कारण 3 घंटे तक लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारी ने मामले की सूचना तुरंत बलटाना चौकी पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे एक ऑटो हरमिलाप नगर फेज-2 के पास बने रेलवे फाटक से होकर चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। रेलवे फाटक पर मौजूद कर्मचारी को ट्रेन आने की जानकारी मिलते ही उसने फाटक बंद करने के लिए बटन दबा दिया। इस दौरान एक ऑटो चालक ने रेलवे फाटक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार की फाटक का एक पोल टूटकर टेढ़ा हो गया और ऑटो उसमें फंस गया। इसके बाद फाटक पर तैनात कर्मचारी ने ऑटो निकवाया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे विभाग के कर्मियों ने क्षतिग्रस्त हुए फाटक के पोल को बदला।