खरड़। थाना सिटी पुलिस ने होटल मैनेजमेंट (एचएम) की पढ़ाई करने वाले युवक व नर्सिंग का कोर्स कर रही छात्रा को नशा तस्करी के आरोप में काबू किया है। आरोपी इलाके के निजी शिक्षण संस्थानों में रहने वाले विद्यार्थियों व नशेड़ियों को नशे की सप्लाई करते थे। इतना ही नहीं, उक्त दोनों लोग भी नशे के आदी है। आरोपियों की पहचान पवन कुमार व रुकमणि वासी शिमला हिमाचल प्रदेश दोनों ओमेगा सिटी खरड़ में किराए पर फ्लैट में रहते थे। दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई और राज खुलने के आसार हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में नशे की सप्लाई करते हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब इनकी तलाशी ली तो पवन कुमार के पास से 12 ग्राम तथा रुकमणि के पास से 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच अधिकारी सिकंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि पवन कुमार ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया हुआ है जबकि रुकमणि ने नर्सिंग का कोर्स किया हुआ है। पढ़ाई के दौरान दोनों नशे के आदी हो गए और फिर बाद में नशा बेचने लगे। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस संबंध में हिमाचल व अन्य जगह भी जानकारी भेजकर सारी डिटेल मंगवाई है।