लालडू। अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित दप्पर टोल प्लाजा पर रविवार देररात टोल न देने को लेकर हुंडदगियों ने खूब उत्पात मचाया। उत्पातियों ने टोल मांगने पर गोली मारने की धमकी दी और टोल प्लाजा का बूम तोड़ते हुए फरार हो गए।
टोल अधिकारियों ने इस मामले में स्थानीय पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसकी छानबीन करके पुलिस ने युवकों को तलाश लिया है और उनको थाने बुलाया गया है।
दप्पर टोल अधिकारी एएस चौहान ने बताया कि 11-12 अगस्त को देर रात करीब एक बजे चंडीगढ़ से अंबाला जा रही एक कार आई। लेन नंबर एक से निकलते समय टोल न देने को लेकर उसमें सवार युवकों की टोल कर्मचारियों से बहस हो गई। इसके बाद वे टोल बूम को तोड़ते हुए अंबाला की ओर निकल गए। उन्होंने बताया कि कुछ ही समय बाद वही कार चंडीगढ़ की ओर वापस चली गई। रात 1:50 पर फिर से वही कार दो अन्य कारों के साथ, जिनमें करीब 15 युवक सवार थे, टोल लेन नंबर दो पर पहुंची। युवकों ने तीनों कार टोल बूथ पर खड़ी कर नीचे उतरकर खूब हंगामा किया।
इस मामले में एएस चौहान ने आरोप लगाया कि युवकों ने आगे से कभी टोल मांगने पर गोली मारने की धमकी दी है। टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की लेकिन वे नहीं माने और बूम को तोड़कर बिना टोल दिए अंबाला की ओर निकल गए। टोल अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ये युवक हर रोज दंबगई दिखा रहे थे जिस संबंधी उन्होंने पहले भी पुलिस में शिकायत की हुई थी।
कोट्स
इस मामले में हुंडदग मचाने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है। जिनको थाने में बुलाया गया है। सीसीटीवी फुटेज अनुसार युवक टोल बूथ के निकट कारों से उतर कर नाचते नजर आ रहे है। फिलहाल गोली मारने की धमकी और झगड़े की बात नजर नही आई है। फिर भी मामले की जांच गहराई से कई जा रही है। -एसआई नरेंद्र शर्मा, लैहली चौकी इंचार्ज।