मोहाली। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक युवक को दो किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करोड़ों में हैं। आरोपी को एसटीएफ ने स्पेशल इनपुट पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन निवासी खिलचियां जिला तरनतारन के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एसटीएफ थाना फेज-4 में एएसआई हरदीप सिंह के बयान पर एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया है।
एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि एसटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर हेरोइन की सप्लाई करता है और बड़ी मात्रा में अपने एक साथी के साथ खरड़ से लुधियाना जाने वाले वाले मार्ग पर है। एसटीएफ की टीम ने जब रेड की तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम की घेराबंदी के बाद उसे काबू कर लिया गया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से दो किलो हेरोइन बरामद हुई जो उसने बैग में छिपाई हुई थी। एसटीएफ ने बताया वह अपने एक साथी के साथ हेरोइन की तस्करी करता है। उससे पूछताछ कर एक साथी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सात महीने में 90 ड्रग तस्कर पकड़े
बता दें कि मोहाली पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले सात महीने में 60 एफआइआर दर्ज कर 90 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन्हीं सात महीनों में पुलिस ने ड्रग तस्करों की 1 करोड़ 77 लाख 74 हजार 800 रुपये की प्रॉपटी अटैच की है। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत पुलिस ने 9 ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1 करोड़ 9 लाख 19 हजार 120 रुपये की प्रॉपर्टी अटैच की है।