फेज 7 के पार्क में युवती द्वारा आत्महत्या करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। फेज-सात में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब इलाके के एक पार्क में एक महिला ने पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। लोगों की जब पेड़ से झूल रही महिला पर नजर पड़ी तो उन्होंने इस संबंधी पार्षद व पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को नीचे उतारा। फिलहाल मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने लाश पहचान के लिए शवगृह में रखवा दी है।
मटौर थाने के एसएचओ राजीव कुमार ने बताया कि मृतक महिला की उम्र 35 वर्ष के करीब लग रही है। देखने से ऐसा लग रहा है कि जैसे वह लोगों के घरों में काम-काज करती हो। फिलहाल पुलिस के पास न तो कोई उसके बारे में सूचना आई है और न ही पुलिस को उसके बारे में कुछ पता चल सका है। पुलिस इस मामले को आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लोगों से इस महिला बारे पूछताछ करनी शुरू कर दी है।
लोगों ने पुलिस को बताया कि यह महिला दोपहर करीब डेढ़ बजे पार्क में बैठी रो रही थी। इसे देखकर लग रहा था कि वह घर से परेशान हो। काफी देर बाद लोगों ने देखा तो उसकी पेड़ पर लाश लटक रही थी।