मोहाली-खरड़। नशा करने से रोकने पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर लाश को एक बैग में बंद कर रोपड़ की डुगरी कोटली नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। इस हत्याकांड में आरोपी ने अपने दोस्त को साथ लिया। अब खुलासा होने पर पुलिस ने महिला के पति और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या, अपराध के साक्ष्य को गायब करना या अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना और एक से अधिक लोगों का अपराध में शामिल होने के तहत मामला दर्ज कर लिया। आरोपी महिला का पति कमलजीत निवासी दशमेश नगर खरड़ और सुखदीप सिंह (दोस्त) हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को दोनों को अदालत में पेश कर दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
मामला महिला राज कौर के भाई कुलदीप सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है।
लुधियाना के सिटी ईयाली खुर्द के रहने वाले कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में काम करता है। वह तीन भाई-बहन हैं। उनकी सबसे बड़ी बहन राज कौर की शादी वर्ष 2023 में कमलजीत सिंह निवासी शिवालिक सिटी सेक्टर-127 खरड़ से हुई थी। शादी के बाद उसका जीजा शराब पीने का आदी हो गया और अन्य नशा करने लगा। उसकी बहन राज कौर अपने पति को नशा करने से रोकती थी। इस बात को लेकर उसका जीजा बहन राज कौर के साथ मारपीट करता था। 10 अगस्त को उसकी बहन ने अपनी मां गुरदीप कौर को फोन किया और वह उस समय काफी डरी थी। बात करते समय फोन बीच में अचानक कट गया। उसकी मां ने बहन राज कौर को बार-बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। उसकी मां और कुलदीप सिंह दोनों बहन का हालचाल पूछने के लिए 20 अगस्त को खरड़ उसके घर पर पहुंचे। घर पहुंचने पर उसकी बहन राज कौर उन्हें नहीं मिली। उसके जीजा से पूछने पर उसने बताया कि वह घर छोड़कर कहीं चली गई है।
पूछताछ करने पर बताई हकीकत
उन्हें मामले में शक हुआ और जब उसके जीजा से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि 13 अगस्त को उसका राज कौर के साथ झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर उसने राज कौर का टी-शर्ट से गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसकी लाश को खुर्द-बुर्द करने के लिए शव को एक बड़े बैग में डाल दिया। बाद में उसने अपने दोस्त सुखदीप सिंह डिंपी निवासी गांव बडाला को मौके पर बुलाया और उसकी मदद से गाड़ी में शव वाला बैंग लेकर रोपड़ पहुंचे। वहां उन्होंने शव को गांव डुगरी कोटली जिला रोपड़ की पक्की नहर में फेंक दिया। इसके तुरंत बाद पुलिस को इस मामे की शिकायत दी गई। कमलजीत सिंह और उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। गोताखोरों की मदद से उसकी बहन का शव पुलिस की मौजूदगी में बरामद किया गया।