जीरकपुर। ढकोली की एमएस एनक्लेव के निवासियों ने गलियों में लगे लोहे के गेट लगाने पर रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि एमएस एनक्लेव में ही रहने कुछ घरों ने लोने के गेट लगाकर रास्ता बंद कर रखा है। इस कारण दूसरे लोगों को परेशानी होती है। रोष व्यक्त कर रहे लोगों के अनुसार मकान नंबर 284/1 से 284/6, मकान नंबर 299 से 305, और 289 से 315 वाली गली लगे गेटों से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। निवासियों का आरोप है कि कॉलोनी के शिव मंदिर के सामने वाली गलियों में कुछ लोगों ने मनमर्जी से भारी लोहे के गेट लगा दिए हैं, जिससे आम लोगों को रोजाना आने जाने में दिक्कत हो रही है। गेट ज्यादातर समय बंद रहते हैं, जिससे न केवल स्थानीय लोग, बल्कि आपातकालीन सेवाएं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस भी समय पर नहीं पहुंच पातीं।
बच्चों की स्कूल बसें भी हो रही प्रभावित
एमएस एनक्लेव निवासी मनीषा सौरब, सरिता शर्मा, जगदीप शर्मा , सुमन, दिनेश मिश्रा, मंजीत बत्रा , विनय शर्मा, कमल राणा, संतोष कुमार, जितेन्द्र सैनी समेत अन्य ने बताया कि कॉलोनी में स्कूल बसों को भी एंट्री करने में परेशानी होती है। कई बार अभिभावकों को मुख्य सड़क तक बच्चों को छोड़ने और लाने जाना पड़ता है, जिससे असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा की चिंता भी बनी रहती है। कॉलोनी में स्थित पार्क की तरफ जाने वाली दोनों गलियों को भी गेट लगाकर बंद कर दिया गया है, जिससे वहां टहलने जाने वाले बुजुर्ग और खेलने जानी वाले बच्चों को दिक्कत होती है। कालोनी के मंदिर में किसी भी धार्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में भारी असुविधा होती है।
समय पर कार्रवाई न हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध गेटों को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई गंभीर घटना हुई, तो उसकी जिम्मेदारी उन लोगों पर होगी जिन्होंने ये गेट लगाए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंधी नगर परिषद जीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। यह गेट परेशानी का कारण बन रहे है, पूरे एमएस एनक्लेव की 5 से 6 गलियों को गेट लगाकर बंद किया हुआ है। लोगो ने दावा किया है कि गेट लगने के कारण एम्बुलेंस को आने में दिक्कत होती है और कई गलियां घूम कर लोगों के घरों तक पहुंचना पड़ता है।
कल मौके का जायजा लिया जाएगा उसके पश्चात पुलिस फोर्स की मदद लेकर गेटों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। - बिल्डिंग इंस्पेक्टर अजय बराड़ नगर परिषद जीरकपुर