जीरकपुर के गोल्डन एनक्लेव की मुख्य रोड पर पानी की पाइप लाइन में लीकेज के कारण सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। यह समस्या कई दिनों से बनी हुई। लोगों ने पाइप लाइन ठीक करने की शिकायत भी दी, लेकिन अफसरों की लापरवाही के कारण लगातार पानी बर्बाद हो रहा है। इस कारण सड़क वाहनों की आवाजाही से लोगों के कपड़े खराब हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, लोहगढ़ स्थित गोल्डन एनक्लेव की मुख्य सड़क पर पानी की पाइप अचानक टूट गई। इन कारण गोल्डन एस्टेट में पानी की दिक्कत भी पैदा हो गई। वहीं, बुधवार को जीरकपुर नगर काउंसिल ने पानी को बर्बाद करने का कनेक्शन काटने का फरमान सुनाया था। नगर काउंसिल के अधिकारियों को यह बर्बाद हो रहा पानी नहीं दिखाई दे रहा है। उधर, नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी परविंदर सिंह सराओं ने कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। अधिकारियों को पानी का पाइप बदलने का निर्देश दिया है। जल्द ही इसे ठीक करवा दिया जाएगा।
ममता एनक्लेव में दूषित पानी हो रहा सप्लाई
ममता एनक्लेव में पिछले काफी समय पीने के लिए दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। ममता एनक्लेव की सुनीता, रजनी, सावित्री, मीनाक्षी, पूजा शर्मा, शालिनी बहल, पारुल, आरजू, सुमन और अंजू ने बताया कि पिछले कई महीनों से घरों में दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। इस कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दूषित पानी की सप्लाई को लेकर विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। इसके बावजूद अधिकारी आज तक मौके पर नहीं आए। जबकि दूषित पानी के कारण घरों में लगे आरओ भी खराब होने लगे हैं। लोगों ने बताया कि जिस ट्यूबवेल से उन्हें पानी की सप्लाई दी जा रही है, उस पर लोड अधिक होने के कारण ऐसी परेशानी आ रही है।