कुराली। कुराली के अस्पताल में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ये बात सेहत और परिवार भलाई मंत्री बलवीर सिंह सिद्धू ने मंगलवार को कुराली अस्पताल का दौरा करते हुए कही। शहर के अस्पताल में घुटने बदले जाने के पहले बडे़ सफल ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों को सम्मानित करने के लिए पहुंचे सेहतमंत्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में सेहत सुविधाओं में सुधार हुआ है।
उन्होंने अस्पताल में कुछ दिन पहले ही तैनात सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. भूषण और घुटने का पहला सफल ऑपरेशन करने वाले हड्डियों के माहिर डॉक्टर दविन्द्र सिंह की प्रशंसा की। सिद्धू ने कहा कि अस्पतालों में सुविधाओं या इमारतों की कमी नहीं है बल्कि डॉक्टरों की कमी है। डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इसी दौरान सेहतमंत्री ने एसएमओ डॉ. भूषण द्धारा अस्पताल में जरूरी सुविधाओं की मांग को तुरंत पूरा करने का विश्वास दिलाया। गोसेवा कमिशन पंजाब के वाइस चेयरमैन कमलजीत चावला और पार्षद बहादुर सिंह ओके ने सेहतमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनको सम्मानित किया। इस मौके पर पार्षद जसविन्द्र सिंह गोल्डी, भूषण वर्मा, खुशवीर सिंह हैप्पी, डॉ. अश्वनी कुमार, पार्षद जीता, राकेश कालीया, प्रदीप रूढा मौजूद थे।