मोहाली। फर्जी दस्तावेजों से रिहायशी प्रमाण पत्र तैयार कर लोगों के आधार कार्ड बनाने वाले एक शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शातिर आधार कार्ड बनाने के बदले दो से ढाई हजार रुपये लेता था। उसके पास से कई नामी कंपनियों, सेहत विभाग के कई अधिकारियों की मुहर, आधार कार्ड की खाली शीट, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपी की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई । आरोपी पर बलौंगी थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया है ।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों के आधार कार्ड बना देता है। आरोपी करीब चार महीने से इलाके में सक्रिय था। उसने आधार कार्ड का सेंटर लिया हुआ था। जब भी कोई व्यक्ति उसके पास आता था और स्थानीय पते पर आधार कार्ड बनाने की बात करता तो वह फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके आधार कार्ड बना देता था। उसके पास सीनियर मेडिकल अफसर, हेड मास्टर की मुहर व अन्य सामान बरामद हुआ था। पुलिस का कहना है कि अब इसके अन्य साथियों की पुलिस पड़ताल करने में जुटी हुई है, जिनके सहारे उसने यह सारे दस्तावेज तैयार किए हैं।