मोहाली। गांव नन्नूमाजरा में दो लोगों की बीच चल रही बातचीत के बीच दो युवकों ने आकर मारपीट शुरू कर दी। इसमें व्यक्ति गंभीर रूप में घायल हो गया, जिसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में पता लगा है कि घायल के सिर पर तीन टांके लगे हैं। घायल के कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी है।
गांव नन्नूमाजरा निवासी नईम ने बताया कि वह रविवार शाम करीब सात बजे स्कूटी पर दूध लेकर दुकान से घर लौट रहा था। तभी मोड़ पर एक साइकिल चालक अचानक आ गया, जिस कारण उनकी टक्कर होने से बच गई। इस पर साइकिल चालक ने नईम को कहा कि स्कूटी देख कर चलाओ तो आगे से उसने भी साइकिल चालक से पूछा कि आपको कहीं लगी तो नहीं। इतने में पीछे से दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार आए उन्होंने नईम को कहा दिखता नहीं है तुझे इतने में उसने जब कहा तुम्हें क्या आपत्ति है तो वह उसके साथ गाली-गलौज करने लगे और उसे पीटने लगे। एक युवक ने पीछे से उसके सिर पर कड़े से वार कर दिया। इससे उसके सिर से खून बहने लगा, बाद में युवक वहां से भाग निकले। इसके बाद घायल के परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।