काले रंग की बाइक पर आए दोनों, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। ढकौली में बिशनपुरा रोड पर एक युवती से बाइक सवार दो युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गए। युवती ने झपटमारों को पकड़ने के लिए काफी शोर मचाया, लेकिन दोनों युवक दिल्ली पब्लिक स्कूल की तरफ फरार हो गए। यह वारदात लेक व्यू कांप्लेक्स किशनपुरा रोड जीरकपुर की रहने वाली यशस्वीनी चोपड़ा के साथ हुई। पीडि़ता ने मामले की शिकायत ढकौली पुलिस को दी है। पुलिस ने वारदात वाली जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। दोनों युवक काले रंग की मोटरसाइकिल पर फरार हुए हैं।
शिकायतकर्ता यशस्वीनी ने बताया कि वह मार्केट आई थी और सामान लेकर घर लौट रही थी। डीपीएस स्कूल के पास पहुंचने पर दो युवक मोटरसाइकिल पर आए, जिन्होंने आते ही उसका मोबाइल छीना और फरार हो गए। वह झपटमारों के मोटरसाइकिल के पीछे भागकर शोर मचाने लगी, लेकिन जब तक लोग इकट्ठे हुए दोनों फरार हो गए थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि झपटमारों ने अपने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट मोडी हुई थी, जिस कारण वह नंबर नोट नहीं कर पाई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।