जीरकपुर। पटियाला रोड पर स्थित रामपुर कलां व अजीजपुर टोल प्लाजा के नजदीक मंगलवार सुबह सवा 11 बजे वेयरहाउस की छत गिरने से हादसे में मजदूरी कर रही दो महिलाओं 40 वर्षीय राधा व 35 वर्षीय अब्बू निवासी राजस्थान की शेड के नीचे दबने के कारण दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे में एक अन्य जख्मी की हालत गंभीर बनी हुई है, जो चंडीगढ़ सेक्टर-31 अस्पताल में उपचाराधीन है। इस मामले में पुलिस ने धारा-174 के तहत कार्रवाई करते हुए केस को बंद कर दिया है।
एकत्रित की जानकारी के अनुसार लोहे के हलके एंगल पर भारी सीमेंट की चादरों का भार डाल दिया जिस कारण शेड गिर गया। मौके पर 70 से 80 कर्मी कार्य कर रहे थे। हादसे में 15 दिहाड़ीदार मजदूर जख्मी हो गए थे लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
बड़ा सवाल : महिलाओं की मौत का जिम्मेदार कौन?
पुलिस ने धारा-174 के तहत कार्रवाई कर केस को बंद कर दिया है। अब सवाल यह है कि हादसे में मरने वाली दो महिलाओं की मौत का आखिरकार जिम्मेदार कौन है? आम तौर पर पुलिस ऐसे मामलों में लापरवाही की धारा-306 के तहत कार्रवाई करती है लेकिन मामला रसूखदार पार्टी से जुड़ा होने के चलते धारा-174 के तहत कार्रवाई की गई है।
विधायक के भाई बोले- लीज पर दे रखा है शेड
बता दें कि पटियाला से आम आदमी पार्टी के विधायक भाई अजीत पाल कोहली के भाई गुरजीत कोहली की जमीन पर यह शेड बनाया जा रहा है। हालांकि गुरजीत कोहली ने अपनी सफाई में कहा कि बेशक जमीन उनकी है लेकिन उन्होंने इसे आगे हिसार की पार्टी को लीज पर दे रखा है। हादसे के बाद वह भी मौके पर पहुंचे थे। यह शेड कौन बना रहा है, यह बात अब तक साफ नहीं हुई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है। उनके परिजनों के कहने पर धारा-174 की कार्रवाई की है। -ओंकार सिंह बराड़, एसएचओ जीरकपुर
यह मामला मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता बल्कि एसडीएम मोहाली के अधीन आता है। हमने मौके पर अपनी टीम भेज दी थी। -स्वाति टिवाणा, एसडीएम डेराबस्सी
इस मामले में एसडीएम मोहाली के नेतृत्व में एक कमेटी कायम की है जो एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी। इसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। इस कमेटी में एक्सईएन गमाडा के अलावा अन्य माहिर अधिकारी शामिल किए हैं जो हादसे के कारणों की जांच करेंगे। -ईशा कालिया, डीसी मोहाली