स्वीडन और पोलैंड भेजने के नाम लोगों से लाखों रुपये ठगकर, दो शातिर फरार
छह लोगों से कुल 16 लाख 75 हजार रुपये की ठगी, फेज-1 के थाने में केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। छह लोगों को स्वीडन और पोलैंड में वर्क परमिट पर भेजने के नाम पर 16 लाख 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में फेज-1 थाने की पुलिस ने दो शातिरों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी फेज-5 और सतनाम सिंह सेक्टर-53 चंडीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपियों पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को छह पीड़ितों में प्रदीप कुमार निवासी मोहाली, प्रदीप कुमार निवासी नयां शहर, प्रदीप सिंह निवासी खन्ना, हर्षदीप बैंस निवासी सेक्टर-44 चंडीगढ़, अमरिंदर सिंह निवासी फेज-5 मोहाली और हजिंदर सिंह निवासी रूपनगर ने पुलिस को शिकायत दी थी।
पीड़ितों ने बताया था कि उक्त दोनों शातिरों ने बेस्टेक ट्रैवल नाम की कंपनी बनाई हुई थी। आरोपियों ने उनसे स्वीडन और पोलैंड भेजने के लिए शुरूआत में प्रोसेसिंग फीस और मेडिकल करवाने के लिए अलग से पैसे लिए थे। सेक्टर-22 चंडीगढ़ से मेडिकल करवाया गया। उन्होंने अलग-अलग किस्तों में उक्त लोगों को पैसे दिए थे। आरोपियों ने उनसे कुल 16.75 लाख रुपये ले लिए थे, लेकिन न तो उन्हें विदेश भेजा गया और न ही उनके पैसे वापस किए।
इसकी शिकायत के बाद पुलिस की जांच में सामने आया है कि उक्त दोनों शातिरों ने पहले फेज-6 में दफ्तर खोला हुआ था। बाद में लोगों से पैसे इकट्ठे करके यह लोग देहरादून चले गए थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों पर पहले भी चब्बेवाल जिला होशियारपुर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।