जीरकपुर। शहर के बलटाना क्षेत्र में गोयल मोबाइल की दुकान से करीब 20 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया था। जीरकपुर पुलिस ने इस चोरी की वारदात को हल करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव कादीपुर गांव से 63 महंगे मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक वाशिंग मशीन, एक एलईडी, डेढ़ लाख रुपये कैश और वारदात में इस्तेमाल किया गया स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है। इस चोरी में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू निवासी कादीपुर जिला सुल्तानपुर यूपी जो फिलहाल ढकोली के गांव हिम्मतगढ़ में रह रहा था, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान नीरज उर्फ काकू निवासी किशनगढ़ आईटी पार्क चंडीगढ़ के रूप में हुई है। तीसरे आरोपी की पहचान शिवा निवासी हरियाणा के रूप में हुई है जो फिलहाल फरार चल रहा है।
डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल ने वीरवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 28 दिसंबर, 2021 की रात सुमित गोयल निवासी वीआईपी रोड की बलटाना में स्थित गोयल मोबाइल की दुकान से उक्त सामान चोरी हो गया था। इस वारदात को अंजाम देने वाले दो चोरों को भी गिरफ्तार किया गया है। जबकि उनका एक साथी फिलहाल फरार चल रहा है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।