डेराबस्सी। शनिवार की रात चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर कोहरे के कारण दो स्कूटियां आमने-सामने टकराने से हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय जय प्रकाश निवासी लालड़ू के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा हाईवे पर भूषण फैक्टरी के नजदीक हुआ है। एक स्कूटी को चालक दुपिंदर कौशल निवासी गणेश विहार, गुलाबगढ़ डेराबस्सी चला रहा था जो कि स्कूटी में पेट्रोल डलवाने पंप पर जा रहा था। जबकि दूसरी स्कूटी पर जय प्रकाश और विष्णु सवार थे और सामने आ रही स्कूटी के साथ टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस स्कूटी पर सवार जय प्रकाश (24) और विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को एंबुलेंस से डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जय प्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों में दुपिंदर और विष्णु को जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच अधिकारी एएसआई बरिंदर सिंह ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। दोनों घायलों के बयान लेने के बाद ही पता चल पाएगा कि यह हादसा किस कैसे हुआ। मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर लग रहा है कि टक्कर आमने-सामने से हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आ रह है कि रात में काफी कोहरा होने के कारण यह हादसा हुआ होगा।