मोहाली। शहर में बंद पड़ी कोठियों और धार्मिक स्थानों के ताले तोड़कर चोरी करने के गिरोह का फेज-8 थाने की पुलिस ने पर्दाफाश कर दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मंगली और बंटी निवासी अंब साहिब कॉलोनी फेज-11 के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ में इलाके में हुई कई वारदातें सुलझी हैं। इन पर पहले भी थाना फेज-11 में केस दर्ज हैं।
एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। कई और राज खुलने के आसार हैं। उन्होंने आरोपियों के संबंध में अन्य थानों से भी जानकारी मांगी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस पार्टी फेज 8-9 की लाइटों पर रात 8 बजे के गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। इसके बाद बाद पुलिस ने आरोपियों को सिकटी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने दो पीतल के पतीले, चांदी के दांत जैसी कोई चीज, दो टूटियां पीतल की और अन्य सामान सेक्टर-68 से चोरी किया था। जो पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने मां दुर्गा मंदिर सेक्टर-68 में गोलक तोड़कर तीस हजार रुपये चोरी किए थे। इसी तरह गुरुद्वारा श्री रविदास सेक्टर-68 में गोलक के अलावा सीसीटीवी कैमरे और हार्ड डिस्क तक चोरी की थी। इस संबंधी केस दर्ज हुआ था। आरोपी बंटी पर पहले भी चोरी के केस दर्ज हैं। पुलिस अभी आरोपियों से और पूछताछ करेगी।