बेटी का मुंह कपड़े और हाथ-पैर प्लास्टिक की तार से बांधे, जिस कमरे में बेटा सोया उसे बाहर से लगाई कुंडी
माता-पिता बाहर पशुओं के बाड़े में दूध निकाल रहे थे
श्री फतेहगढ़ साहिब में साढ़े 7 एकड़ बेची जमीन का पैसा बैग में बेड बॉक्स में था रखा
कैश अनुमान नहीं, करोड़ों में बताई जा रही रकम, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। गांव सुखगढ़ में रविवार को अल सुबह पौने 5 बजे घर में घुसकर दो बदमाश घर में बेटी को बंधक बनाकर बेड के अंदर रखा कैश से भरा बैग लूटकर ले गए। बताया जा रहा है कि परिवार की श्री फतेहगढ़ साहिब में साढ़े सात एकड़ जमीन बिकी थी और उसका कैश जमींदार ने अपने घर के बेड में रखा था। लुटेरे कितना कैश लूटकर ले गए हैं, इसका अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन रकम करोड़ों में बताई जा रही है। इस मामले में सोहाना पुलिस ने लखबीर सिंह के बयान पर लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास व मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
52 वर्षीय लखवीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह सोहाना में पड़ते गांव सुखगढ़ में रहता है और खेतीबाड़ी करता है। उसने बताया कि श्री फतेहगढ़ साहिब के गांव महताबगढ़ में साढ़े 7 किला जमीन थी। उसने जमीन जुलाई में अच्छे मुनाफे पर बेची थी, जिसके पैसे रजिस्ट्री के बाद मिल गए थे। वह नई जमीन खरीदने के लिए जगह तलाश रहा था। उसने जमीन खरीदने के लिए पैसा अपने घर में ही रखा था। 23 अक्टूबर को अलसुबह 4 बजे वह और पत्नी अपने घर के सामने बने पशुओं के बाड़े में दूध निकाल रहे थे। करीब पौने 5 बजे उसे अपने घर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी और जब वह भागकर घर गया तो उनके मास्टर रूम में उसकी बड़ी बेटी जशनप्रीत कौर का मुंह बांधा हुआ था और हाथ व पैर प्लास्टिक की तार से बांधे हुए थे। जब उसे खोला तो उसने बताया कि पटका पहने दो युवक उनके घर में आए और उसे बंधक बनाकर बेड में रखा कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। उसने पिता को बताया कि वह दोनों की बातें सुन रही थी उसे एक लुटेरे की आवाज पहचानी हुई लगी। वहीं लखवीर सिंह ने जब लड़के वाला कमरा देखा तो उसे बाहर से बंद किया हुआ था। जब उन्होंने पैसों वाला बैग चेक किया तो बेड बॉक्स से बैग गायब था। यह रकम उन्होंने जमीन खरीदने के लिए रखी थी लेकिन रकम कितनी थी इसका लखवीर सिंह ने जिक्र नहीं किया। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।