जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों किशोरियां 10 जुलाई की शाम करीब छह बजे घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक नहीं लाैटी। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। लड़कियों की मां ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह बलटाना स्थित एक किराये के मकान में परिवार सहित रहती है। वह घरों में काम करती है। उसके पांच बच्चे हैं।
परिजनों को आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर या शादी का झांसा देकर दोनों को अपने साथ ले गया है।शिकायत के आधार पर बलटाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चाैकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आसपास के इलाकों की छानबीन की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है। पुलिस की एक टीम लापता किशोरियों की तलाश में जुटी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिवार के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।