जीरकपुर। विक्टोरिया सिटी रोड पर शिवा एनक्लेव में सुनार की दुकान पर आए चार नकाबपोश लुटेरे गनपाॅइंट पर कैश व गहने लूटकर फरार हो गए। घटना दोपहर 3:15 बजे हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भबात निवासी सौरव वर्मा बीते कई वर्षों से शिव एनक्लेव में जूलर की दुकान करते हैं। सौरव ने बताया कि बुधवार दोपहर 3:15 बजे दो युवक आए उन्होंने परने से अपने मुंह ढंके हुए थे। दोनों बदमाश सिखों के पहनावे में थे। दोनों ने दुकान में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा व एक सरदार ने गन निकाली और मुझ पर तान दी। दूसरे सरदार ने कहा कि मोबाइल फोन नीचे रख दो और दुकान में जो भी है वह दे दो। ऐसे में गल्ले में रखे बिक्री के करीब 90 हजार रुपये और डिस्प्ले में लगे सोने-चांदी के दो लाख रुपये के आभूषण उठा लिए। पीड़ित के अनुसार उसकी दुकान में चार जगह सीसीटीवी लगे हैं। बाकी तीन कैमरों में उनकी फुटेज बनती रही।
एक लुटेरा पिस्टल तानकर चांदी के गहने निकलवाता गया और दूसरे ने काउंटर पर रखी चाबियों के गुच्छे को उठाया और पीछे सेफ की तरफ चला गया। उसने चाबियों से सेफ को खोलने का प्रयास किया, लेकिन सेफ नहीं खुला। उसने चाबियां काउंटर पर ही छोड़ दीं और बाद में वह उसके पास आकर गले को चेक कराने का कहने लगा। सौरव ने गले में सोने की नहीं चांदी की चेन पहनी थी। ऐसे में वे चांदी की चेन नहीं लेकर गए। कैश और गहने लूटने के बाद एक लुटेरे ने कहा कि इसे गोली मार देते हैं तो दूसरे ने मना कर दिया। 3:43 बजे दोनों लुटेरे कैश व गहने लेकर दुकान से बाहर निकले। कुछ दूर उनके साथी एक्टिवा व मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़े थे, जिस पर चारों लुटेरे पटियाला हाईवे की तरफ निकल गए। इस सबके बाद में सौरव वर्मा ने अपने फोन से पुलिस कंट्रोल रूम पर मामले की जानकारी दी। सूचना के तुरंत बाद जीरकपुर थाने से आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।