मोहाली। फेज-1 थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों को दो किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस्लाम अली निवासी गांव शाहबाद जिला भामपुर यूपी व राजीव निवासी गांव रामपुरा जिला रामपुर यूपी के रूप में हुई है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बलजिंदर कौर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ फेज-1 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं जिनसे पूछताछ की जा रही है।
जांच अधिकारी ने बताया कि चुनावों के मद्देनजर शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ वेरका चौक पर मौजूद थे। वहां नाकाबंदी कर वाहनों को चेक किया जा रहा था। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो युवक नशा तस्करी करते हैं और दिल्ली नंबर ऑल्टो कार में मोहाली की ओर नशे की सप्लाई देने के लिए आ रहे हैं, जिन्होंने आगे खरड़ जाना है। पुलिस ने सूचना के आधार पर चेकिंग तेज की और नाके पर दिल्ली नंबर ऑल्टो कार पहुंची।
पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने नाके से कार भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने गाड़ी को घेर लिया और जब कार की जांच की तो उसके डैशबोर्ड से पुलिस को पारदर्शी लिफाफा बरामद हुआ। जब उसकी चेकिंग की तो उसमें दो किलो अफीम थी। पुलिस ने अफीम को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ कर रही है कि वह यह अफीम कहां से लेकर आए थे और उन्होंने इसकी सप्लाई आगे किसे देनी थी।