मोहाली। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने गैंगस्टर कौशल चौधरी गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मोहाली में एक कारोबारी से रंगदारी मांगने की तैयारी में थे। पुलिस ने उन्हें खरड़ क्षेत्र से वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोपड़ निवासी रणबीर सिंह और फतेहगढ़ साहिब निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। एसएसओसी को सूचना मिली थी कि गैंग ने इन्हें मोहाली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने का काम सौंपा था। पुख्ता जानकारी के बाद एसएसओसी टीम ने कार्रवाई कर दोनों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों से हथियार भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों गैंग के लिए काम कर रहे थे। पुलिस अब रंगदारी के लक्षित कारोबारी और गैंग के अन्य सक्रिय सदस्यों की तलाश कर रही है।
तीन दिन के पुलिस रिमांड पर
एसएसओसी ने दोनों आरोपियों को मोहाली अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस गैंग की गतिविधियों, रंगदारी के लक्ष्यों और हथियारों की जानकारी जुटाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से गैंग से जुड़े और खुलासे होंगे।