जीरकपुर। जीरकपुर-पंचकूला चौक पर बने लॉटरी बाजार के बाहर रविवार देर रात करीब सवा दो दो गुटों में अवैध वसूली को लेकर बजे हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में सिर पर गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। 21 वर्षीय गुरविंदर सिंह को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत काफी नाजुक है। इस हमले में दूसरे गुट का मुकेश भी गंडासी लगने से बुरी तरह घायल हुआ है। उसे भी जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया गया है। दोनों ही युवक बयान देने की हालत में नहीं है। झगड़े की वजह अवैध वसूली बताई जा रही है। मौके पर तीन राउंड फायर हुए हैं। वारदात की सूचना मिलने के बाद डीएसपी जसपिंदर सिंह, एसएचओ जीरकपुर सतिंदर सिंह व बलटाना चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कारतूस के दो खोल बरामद किए हैं। वहीं, मोहाली से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था, जिन्होंने मौके से कुछ सैंपल एकत्र किए हैं।
जांच में सामने आया है कि नगला के रहने वाले दीपक ने पीआरटीसी बस स्टैंड जीरकपुर में दीपक पेड पार्किंग का ठेका लिया हुआ है। झगड़े का कारण अवैध वसूली बताया जा रहा है। पार्किंग के सामने लॉटरी बाजार है। उसकी पहली मंजिल पर लक्की-इन होटल है। साथ के शोरूम में शराब का ठेका है। उसके पास दीपक चाय का भी काम करता है। रात को मुकेश और उसका एक साथी वहां आया। उनकी दीपक के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस बहस के दौरान दीपक और उसके साथियों ने मुकेश और उसके साथी की पिटाई कर दी। उस समय मुकेश और उसका साथी मौके से चले गए लेकिन रात करीब सवा दो बजे मुकेश अपने साथियों के साथ वहां आ पहुंचा। दीपक व उसके साथियों पर हमला कर दिया। मौके से मिली सीसीटीवी में 25 युवक हाथ में डंडे-रॉड लेकर खड़े नजर आ रहे हैं। दोनों गुटों में पहले पथराव हुआ। इसी बीच किसी युवक ने फायरिंग की जो दीपक गुट में शामिल नगला के रहने वाले गुरविंदर सिंह के सिर में लगी। वहीं, दीपक गुट से भी किसी युवक ने गंडासी से हमला किया जिसमें मुकेश बुरी तरह से घायल हो गया। दोनों को होटल मालिक ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां गुरविंदर की हालत देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले हमलावर मौके से भाग गए थे। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस ने होटल लक्की-इन के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल की है। पुलिस डीवीआर भी अपने साथ ले गई है।
कोट्स
हमें सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की वहां से दो खोल बरामद हुए हैं। पीजीआई और सेक्टर-32 अस्पताल से सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम बयान लेने गई थी लेकिन दोनों बयान देने की हालत में नहीं है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों के परिवार से भी किसी ने कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस फिलहाल अपने तौर पर जांच कर रही है। बयान मिलने के बाद ही झगड़े की असल वजह सामने आएगी। - गुरप्रीत सिंह, चौकी इंचार्ज बलटाना
दो ग्रुप आपस में लड़ रहे थे। अभी यह साफ नहीं हो पा रहा है कि गोली किस ग्रुप ने चलाई है। मौके से तीन गोलियों के खोल बरामद हुए हैं। पहले एक ग्रुप ने दूसरे ग्रुप के युवकों को पीटा उसके बाद दूसरे ग्रुप ने युवकों ने आकर हमला किया। मामले में जांच जारी है। -जसपिंदर सिंह, डीएसपी जीरकपुर