मोहाली। मोहाली में अलग-अलग इलाके में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में बलौंगी के विजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अरुण कुमार (24) बुधवार को शाम करीब साढ़े छह बजे बलौंगी फ्लाईओवर पर खड़ा था। इस दौरान अज्ञात बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने अरुण को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दूसरे मामले में बड़माजरा के जोगिंदर लाल ने बताया कि वह शादियों में डेकोरेशन का काम करता है। उसके मामा मदन लाल उसके साथ मदद करते हैं। सोमवार शाम करीब पौने सात बजे वह पालकी पैलेस में उसका ऑटो लेकर आए। वहां से सामान रखने के बाद उसने ऑटो लेकर मामा को घर भेज दिया। करीब सवा सात बजे वह कार में घर के लिए निकला और दाऊं पुल से यूटर्न लेकर पालकी पैलेस के दूसरी तरफ पहुंचा तो देखा कि मामा का ऑटो सर्विस रोड पर खड़ा है। ऑटो के हादसाग्रस्त होने से मामा सड़क गिरे पड़े थे और उनके सिर से खून निकल रहा था। वह मामा को फेज-6 सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखकर जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।