यूटी पुलिस के कांस्टेबल के घर चोरी के सामान समेत दो काबू, एक फरार
भबात के जमींदारा सोसायटी में चोरी की दो एलईडी और अन्य सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। भबात की जिमींदारा सोसायटी से 23 फरवरी को यूटी पुलिस के कांस्टेबल के घर में चोरी हो गई थी। इस आरोप में पुलिस ने दो चोरों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से दो एलईडी और घर से चुराया कुछ सामान बरामद कर लिया है।
यूटी पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप कुमार ने बताया कि वह 23 फरवरी को हरियाणा में बुआ के लड़के की शादी में गए हुए थे। इसी दौरान पीछे से घर में चोरी हो गई थी। उन्होंने तीन युवकों पर चोरी करने का शक जताया था। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ हाई ग्राउंड रोड पर मौजूद थे और नाकाबंदी कर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चोरों के हुलिए के आधार पर दो आरोपियों अभि कुमार निवासी आदर्श नगर, मुकेश जोशी निवासी जीमींदारा सोसायटी को गिरफ्तार किया है। दोनों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने मान लिया कि उन्होंने ही अपने तीसरे साथी लवी के साथ मिलकर उक्त सोसायटी में कांस्टेबल कुलदीप कुमार के घर में चोरी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर सामान बरामद करने के बाद जेल भेज दिया है।