मोहाली। तुुर्की में साल 2020 में बनी पुरानी वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर वेरका की छवि खराब करने का मामला सामने आया है। इस मामले में मिल्कफेड ने स्टेट साइबर सेल को शिकायत दर्ज करवाई है, ताकि उन लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
वेरका मोहाली डेयरी के जनरल मैनेजर राज कुमार ने बताया कि कुछ शरारती लोगों द्वारा दूध में नहाते हुए एक व्यक्ति का वीडियो वेरका से संबंधित बताकर सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है जबकि यह वीडियो तुर्की का है। इसके पीछे की कोशिश वेरका की ख्याति को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने पुलिस को इस संबंधी शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चलाई जा रही इस पोस्ट को तुरंत हटाया जाए।
वीडियो संबंधी व्यक्ति हो हो चुके है गिरफ्तार
वेरका अधिकारियों के मुताबिक यह वीडियो दो साल पुराना है। वीडियो का वेरका से कोई संबंध नहीं है। 2020 में मीडिया की खबरों के मुताबिक वीडियो तुर्की के सेंट्रल ऐंनाटोलियन राज्य के कोनिया नामक कस्बे में फिल्माई गई है। दूध के टैंक में नहाने का यह वीडियो तुर्की निवासी उगर तुरगत ने अपलोड किया था। ऐसे में इस वीडियो का यहां से कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में संबंधित व्यक्ति गिरफ्तार भी हो चुके हैं।
वेरका ने दो साल में बनाए नए रिकॉर्ड
राज कुमार ने बताया कि वेरका पचास साल से दूध व दूध उत्पादों की बिक्री न सिर्फ भारतीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कर रहा है। साल 2021-22 में दौरान मिल्कफेड ने वित्तीय साल 2020-21 की बिक्री प्राप्ति के मुकाबले पैकट वाले दूध में दस फीसदी, दही में 38 फीसदी, लस्सी में चौबीस फीसदी व खीर में तीस फीसदी सालाना बढ़ोतरी दर्ज की है। इसी तरह मिल्कफेड ने डेयरी में 82 फीसदी, आइसक्रीम में 51 फीसदी, यूएचटी दूध में 31 फीसदी, घी में चौदह फीसदी, मीठे दूध में 39 फीसदी, लस्सी में 39 फीसदी बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है।